संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रोहडू पुलिस ने मांदली स्थित एक होटल में बैठे तीन युवकों को 13 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। पुलिस ने युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, वीरवार को हेड कांस्टेबल पवन कुमार की अगुवाई में पुलिस का दल रोहड़ू-चिड़गांव सड़क पर गश्त कर रहा था। इस दौरान उन्हें एक होटल में बैठे तीन युवकों पर संदेह हुआ। पुलिस होटल में पहुंची और तीनों से पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में तीनों युवक घबरा गए। संदेह के आधार पर तीनाें की तलाशी ली गई और तलाशी के दौरान डिस्वानी निवासी प्रदवीन, डोडरा क्वार निवासी रीतिक राठौर और पेखा निवासी विवेक से 13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी रोहडू रविंद्र नेगी ने बताया कि तीन युवकों से 13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।