संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने मंगलवार को अपने चुनाव क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सड़कों का भूमि पूजन किया। लगभग दो करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली सड़कों में सरकाल्टी से करालटी सड़क, रौन कराली से नोटोड सड़क और बाड़ीधार बलगर सड़क शामिल है। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के लिए ये बहुत ही महत्वपूर्ण सड़कें हैं, जिसका आज भूमि पूजन किया गया है। सड़कों का निर्माण कार्य जल्द ही पूर्ण कर क्षेत्र के लोगों को इन सड़कों का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिले की भोगौलिक परिस्थितियों के अनुरूप सड़कें हमारे जीवन की भाग्य रेखाएं कहलाई जाती हैं। इस दृष्टि से भी इन सड़कों का महत्व और अधिक हो जाता है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को इस सौगात के लिए बधाई दी।