एसवीएम कुमारसैन के बैडमिंटन खिलाडिय़ों ने जीते स्वर्ण पदक। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
. अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे तीनों खिलाड़ी
विकेश, वैभव और भवानी सिंह ने अंडर-17 प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
एसवीएम कुमारसैन के बैडमिंटन के तीन खिलाड़ियों ने क्षेत्रीय स्तर की अंडर-17 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। बुधवार को खिलाड़ी विकेश, वैभव और भवानी सिंह दिल्ली से स्कूल पहुंचे, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तीनों खिलाड़ी भाग लेंगे। नॉर्थ जोन स्तर पर दिल्ली में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच कुमारसैन के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विजय प्राप्त करने के बाद तीनों खिलाड़ियों ने आगामी अखिल भारतीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता अक्तूबर माह में आयोजित होगी। विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों के साथ उनके खेल प्रशिक्षक मनजीत सिंह कश्यप का भी गर्मजोशी से अभिनंदन किया। प्रधानाचार्य यशवंत भारद्वाज ने विकेश, वैभव और भवानी सिंह सहित प्रशिक्षक मनजीत सिंह कश्यप को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल तीनों खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी इसी मेहनत और लगन के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तीनों खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। क्षेत्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब विकेश, वैभव और भवानी सिंह की नजर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता पर है। अक्तूबर माह में होने वाली अखिल भारतीय खेलकूद प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ऐसे में कुमारसैन के इन तीनों खिलाड़ियों के सामने एक और बड़ी चुनौती होगी।