एसडीएम ने पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड को भेजा प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सीएसआर कोष से 47,66,144 रुपये की वित्तीय सहायता मांगी गई है। रामपुर के एसडीएम ने पावर ग्रिड के उप महाप्रबंधक को यह प्रस्ताव भेजा है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। यह सहायता पांच खेल संस्थाओं के लिए प्रस्तावित है। बुशहर कबड्डी एसोसिएशन को 10,93,904 रुपये मिलेंगे। बुशहर वॉलीबाल एसोसिएशन के लिए 5,87,800 रुपये का प्रस्ताव है। बुशहर बॉक्सिंग क्लब को 16,95,490 रुपये की सहायता मिलेगी। बुशहर बैडमिंटन एसोसिएशन के लिए 6,30,000 रुपये प्रस्तावित हैं। जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर को 4,88,950 रुपये की मांग की गई है। यह राशि खेल उपकरण, प्रशिक्षण, फिटनेस, पोषण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने जैसी सुविधाएं प्रदान करने में मदद करेगी। बुशहर कबड्डी एसोसिएशन ने मिशन-2030 एशियन गेम्स और कबड्डी विश्व कप के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया है। इसके लिए 10,93,904 रुपये का बजट रखा गया है। एसोसिएशन गांवों से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तैयार करेगी। बुशहर बॉक्सिंग क्लब ने मिशन-2036 ओलंपिक बॉक्सिंग विकास कार्यक्रम के तहत 16,95,490 रुपये की सहायता मांगी है। क्लब ने 40 से अधिक राज्य चैंपियन, 12 राष्ट्रीय पदक विजेता और चार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार किए हैं। प्रस्ताव में एक आधुनिक बॉक्सिंग प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने की योजना भी शामिल है। बुशहर बैडमिंटन एसोसिएशन ने प्रशिक्षण और खेल उपकरणों के लिए 6.30 लाख रुपये का प्रस्ताव दिया है। इसमें रैकेट, शटलकॉक और नेट जैसे उपकरण शामिल हैं। संस्था ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेगी। जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर ने भी खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए 4,88,950 रुपये के खेल उपकरणों की मांग की है। महाविद्यालय में 3,500 से अधिक विद्यार्थी हैं। प्रस्ताव में बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस और वुशू सहित विभिन्न खेलों का सामान शामिल है।