कुमारसैन में कार्यकर्ता और सहायिका के भरे जाएंगे तीन पद
. पात्र अभ्यर्थी 22 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
बाल विकास परियोजना कुमारसैन की ओर से मिशन शक्ति पालना योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्र में रिक्त पद भरे जाएंगे। विभाग कुल 2 सहायिका और 1 कार्यकर्ता का पद भरेगा। इन पदों की भर्ती के लिए 22 अगस्त तक आवेदन और आवश्यक दस्तावेज बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय कुमारसैन में जमा करवाने होंगे। चयन प्रक्रिया, स्क्रीनिंग और साक्षात्कार 24 अगस्त सुबह 10:00 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी कुमारसैन कार्यालय में होंगे। बाल विकास अधिकारी कुमारसैन डॉ. राजेश काल्टा ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र पमलाही में एक कार्यकर्ता, एक सहायिका और आंगनबाड़ी केंद्र पलारन में एक सहायिका का पद भरा जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए अभ्यर्थी मान्यता प्राप्त बोर्ड संस्थान से 12वीं और सहायिका के लिए 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और आवेदक आंगनबाड़ी केंद्र के लाभान्वित पोषक क्षेत्र, गांव की स्थायी निवासी होनी चाहिए। आवेदन के साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की प्रति और अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे। चयन प्रक्रिया मेरिट, अनुभव, आरक्षण श्रेणियों के निर्धारित अंकों और साक्षात्कार के आधार पर पूरी की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य निर्धारित मानदंडों के साथ 3 अंक साक्षात्कार के लिए निर्धारित हैं, जिसमें 25 अंकों में चयन किया जाएगा। डॉ. राजेश काल्टा ने अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।