ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर खंड की फूंजा पंचायत के मझेवली में तीन दिवसीय वैशाख मेले का समापन हो गया। मेले के आखरी दिन क्षेत्र के ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों में खूब नाटी डाली। आखिरी दिन मेले में पूरे क्षेत्र से सैकड़ों लोग मेले पहुंचे और नाटी लगा कर मेले को धूमधाम से मनाया। मेले के अंत में सभी देवता भी अपने अपने रथ में नाचे और लोगों ने देवताओं का आशीर्वाद लिया। देवता लक्ष्मी नारायण मझेवली अपने मंदिर में हर साल अनंत काल से वैशाख मेला मानते हैं, जिसमें क्षेत्र के कई देवता भाग लेते हैं। मंदिर कमेटी के प्रधान गौरी प्रसाद नरम ने बताया इस वर्ष देवता दत्त महराज बहसहारा, देवता महा रुद्र गसो, नाग देवता कुन्नी और देवता शील्डू बाजवा मेले में शामिल रहे। इस ऐतिहासिक मेले को संजोय रखने के लिए क्षेत्र के लोग तत्पर हैं।