नवयुवक पाली में तीन दिवसीय अंडर-19 वॉलीबाल प्रतियोगिता हुई संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू )। विकासखंड निरमंड के तहत नवयुवक मंडल पाली में तीन दिवसीय अंडर-19 वॉलीबाल प्रतियोगिता का वीरवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में करीब 16 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मैच रामपुर कॉलेज और कुर्पण वैली के बीच खेला गया। फाइनल मैच बहुत ही रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने पूरे पांच सेट खेले और अंतिम दौर में रामपुर कॉलेज ने कुर्पण वैली को थोड़े से अंतर से हराकर फाइनल कप अपने नाम किया। समापन समारोह में खंड कल्याण अधिकारी निरमंड देवेंद्र कुमार बतौर मुख्यातिथि और श्रम कल्याण विभाग अधिकारी तहसील रामपुर विक्रम सिंह विशेष अतिथि उपस्थित रहे। मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। विक्रम सिंह ने खिलाड़ियों को खेलों के प्रति जानकारी दीं। क्लब के प्रधान आदित्य सिंह ने खिलाड़ियों और मेहमानों का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व पंचायत प्रधान डीम भाग चंद, पूर्व उप प्रधान ग्राम पोशना सुरेश चंद, प्रबंधक निदेशक प्लस प्वाइंट कंप्यूटर सेंटर गुर दास जोशी, लोकमित्र केंद्र रामपुर, वार्ड सदस्य रेखा देवी और अनिल कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।