रोहडू़। बाजार में भाजपा के पोस्टरों पर कालिख पोतने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों युवक रोहडू़ और आसपास के बताए जा रहे हैं। पुलिस को सीसीटीवी की फुटेज खंगालने पर युवकों का सुराग हाथ लगा है। पुलिस तीनों आरोपियों से रोहडू़ थाने में पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम के समय पुलिस को सूचना मिली कि बाजार में पुराने बस स्टेंड और चिड़गांव सड़क के साथ दीवार पर लगाए गए सरकार की उपलब्धियों के पोस्टर पर नेताओं के चेहरों में कुछ शरारती तत्व में कालिख पोत दी थी। इसकी सूचना के बाद डीएसपी रोहडू़ और थाना प्रभारी रोहडू़ ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर तीन युवकों की पहचान के बाद थाने बुलाए गए है।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के सामने कालिख पोतने की बात कबूल की है। इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीएसपी रोहडू़ चमन लाल ने तीन युवकों को पूछताछ के लिए गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा मामले की छानबीन की जा रही है।