नवरात्र के पहले दिन हाटकोटी मंदिर में दर्शनों के लिए लगी भक्तों की कतारें
संवाद न्यूज एजेंंसी
रोहड़ू। दुर्गा माता मंदिर हाटकोटी में रविवार को नवरात्र के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। इस दौरान माता के भजनों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। क्षेत्र के दूरदराज क्षेत्र से श्रद्धालु हाटकोटी मंदिर में माथा टेकने पहुंचे। मंदिर न्यास कमेटी ने लोगों की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। सुबह से ही मंदिर प्रांगण में दर्शनों के लिए आए भक्तों की कतारें लगना शुरू हो गईं। मंदिर परिसर में व्यापारियों की मेले में दुकानें भी सजनी शुरू हो गई हैं। नौ दिन नवरात्र के लिए मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर में हर नवरात्र में भंडारे का आयोजन भी अलग-अलग संस्थाओं की ओर से किया जा रहा है। मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के बाहर सड़कों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। भंडारी भवानी दत्त शर्मा ने बताया कि लोग माता के दरबार में पहले मन्नत लेकर आते हैं और मन्नत पूरी होने पर परिवार सहित दोबारा माथा टेकने पहुंचते हैं। पूरे नौ दिनों तक लोगों की ओर से यहां लंगर की व्यवस्था की गई है। हिमाचल और उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों से लोग नवरात्र पर यहां पहुंचते हैं। संवाद