रामपुर बुशहर। प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर में सजने वाला अंतरराष्ट्रीय लवी मेला भले ही आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया हो, लेकिन मेले में व्यापार और खरीदारी का दौर अब भी जारी है।
रविवार को मेला मैदान में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। मेले में खरीदारी करने के लिए लोगों की खासी भीड़ लगी रही। वहीं स्कूलों में छुट्टी होने के कारण बच्चों ने भी मेला मैदान पहुंचकर खूब आनंद लिया। स्थानीय प्रशासन सोमवार तक ही मेले में दुकानें सजाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद व्यापारियों को तुरंत प्रभाव से दुकानें हटाने के लिए कहा गया है।
गौर हो कि हर वर्ष 11 से 14 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आधिकारिक तौर पर मनाया जाता है, लेकिन मेले में व्यापार का सिलसिला करीब एक माह तक चलता है। कोरोना महामारी के कारण जहां दो वर्षों में यह मेला सूक्ष्म स्तर पर आयोजित हुआ था। वहीं इस वर्ष संक्रमण थमते ही मेला अपने पुराने स्वरूप में सजा। चार जिलों के केंद्र रामपुर में इस बार मेला सजने से जहां लोगों को सस्ती दरों पर सामान उपलब्ध हो पाया, वहीं मेले में आए व्यापारियों ने भी मुनाफा कमाया।
रविवार को मेले के अंतिम दिन मेला मैदान और एनएच पांच पर लोगों की खूब भीड़ जमा हुई। लोगों ने दिनभर जमकर खरीदारी की। मेले में ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने खेतीबाड़ी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी खरीदे। वहीं कुल्लू जिले से आए उत्पाद भी लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं।
मेले का अंतिम रविवार होने के चलते लोगों ने मेला घूमने में खासी दिलचस्पी दिखाई। लोगों की अच्छी खासी भीड़ जमा होने पर यहां पहुंचे व्यापारियों ने भी खूब मुनाफा कमाया। स्थानीय प्रशासन ने सोमवार तक ही मेला सजाने की इजाजत दी है। इसके बाद व्यापारियों को अपनी दुकानें हटानी पड़ेंगी। प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि सोमवार के बाद मेले में व्यापार सजाने वालों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
लवी मेले में आए व्यापारियों को 12 दिसंबर तक मेला सजाने के लिए कहा गया है। सोमवार से मेले में सजे सभी प्लॉट खाली करने होंगे। नियमों की अवहेलना पर कार्रवाई की जाएगी।
सुरेंद्र मोहन, एसडीएम रामपुर