आनी (कुल्लू)। उपमंडल मुख्यालय आनी के नेशनल हाईवे 305 पर से गुजरने वाले पेयजल लाइनों में पिछले एक सप्ताह से लीकेज हो रही है। इस दौरान हर रोज हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इसके बावजूद विभाग लाइनों को दुरुस्त करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है।
हालत यह है कि जलशक्ति विभाग की लापरवाही से जहां पानी की बर्बादी हो रही है तो वहीं पानी नेशनल हाईवे पर बहने से टारिंग को भी नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक नेशनल हाईवे 305 पर किरण बाजार सहित जगह-जगह पेयजल लाइनों की लीकेज को लेकर जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है।
बावजूद इसके अभी तक लीकेज को दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। किरण बाजार में सड़क के किनारे बिछाई गई पेयजल लाइन को टूटे हुए एक माह से भी समय हो चुका है। लेकिन अभी तक इसका कोई समाधान नहीं हो पाया है।
हैरानी इस बात की है जलशक्ति विभाग के साथ ही नेशनल हाईवे प्राधिकरण भी सड़क की सुरक्षा को लेकर गंभी नहीं है, जिसका खामियाजा आने वाले दिनों में यहां से गुजरने वाले हजारों यात्रियों को भुगतना पड़ेगा। क्षेत्र के लोगों ने जलशक्ति विभाग से पेयजल लाइनों को जल्द से जल्द ठीक कर लीकेज को खत्म करने की मांग उठाई है। जलशक्ति विभाग आनी मंडल के अधिशासी अभियंता अजित नेगी ने बताया कि पेयजल लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा।