ठोडा खेल एवं सांस्कृतिक महासंघ करेगा शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। हिमाचल प्रदेश ठोडा खेल एवं सांस्कृतिक महासंघ के तत्वावधान में उपमंडल ठियोग के सैंज में 17 नवंबर को निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगेगा। इस शिविर में तहसील ठियोग और चौपाल के साथ जिला सिरमौर से लगती तहसील राजगढ़ के लोग स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचेंगे। महासंघ ने लोगाें से आह्वान किया है कि इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं। हिमाचल प्रदेश ठोडा महासंघ के प्रेस सचिव सनाईक एमआर वर्मा ने बताया कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर ठोडा महासंघ के महासचिव ओपी मेहता की अध्यक्षता और दिशा-निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में उत्तरी भारत के बहुप्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान महाऋषि मार्कंडेय यूनिवर्सिटी सुल्तानपुर जिला सोलन के विशेषज्ञ चिकित्सक भाग लेंगे। वर्मा ने कहा है कि देहा बलसन-घुंड के प्रधान एवं समाज सेवी मोहन ठाकुर, (ठोडा दल सनाईक) के प्रधान कपूर सनाईक और अमर सिंह वर्मा बलघार इस शिविर में आयोजन में अपना सहयोग देंगे। इससे पूर्व यह शिविर चौपाल में आयोजित किया गया था।