संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल की सैंज-धर्मा-बगोटी पेयजल योजना के चरण एक के पंप हाउस से चोर छह लाख रुपये की मशीनरी ले गए हैं। चोर अपने साथ तांबे की तार, टूल बॉक्स, रैंच और अन्य उपकरण उठा कर ले गए हैं । पंप हाउस की मशीनरी चोरी होने से अब क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा सकता है। इस पंप हाउस में दोबारा पानी की पंपिंग शुरू करने के लिए नई मशीनरी का इंतजाम करने में अभी विभाग को वक्त लग सकता है। इस मामले की जल शक्ति विभाग ठियोग ने पुलिस को शिकायत दी है। विभाग ने शिकायत में बताया कि इसी पंप हाउस से फरवरी में भी चोरी हुई थी। शातिरों ने फागू क्षेत्र में भी पिछले कुछ महीनों में छह पेयजल योजनाओं की लाखों रुपये की मशीनरी चोरी की है। क्षेत्र के अधिकतर पंप हाउस सुनसान जंगल और खड्ड के आसपास बनाए गए हैं, जहां रात के समय विभाग का कोई चौकीदार नहीं होता है और न ही इन पंप हाउस में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी का इंतजाम होता है। इसका फायदा ये चोर उठा रहे हैं। यह चोर किसी गिरोह से संबंधित हैं या फिर अलग-अलग होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। चोरी की घटनाओं के इन मामलों ने जहां एक ओर विभाग की नींद उड़ा रखी है, वहीं दूसरी ओर जनता को पीने का पानी कई दिनों तक सप्लाई न होने से समस्या का सामना करना पड़ सकता है। यह चोर इतने शातिर हैं कि पंप हाउस में रखी कीमती चीजों पर ही हाथ साफ करते हैं।
ठियोग के कई पंप हाउस चोरों के निशाने पर हैं। चोरों ने शनिवार को सैंज-धर्मा-बगोटी पंप हाउस से लगभग छह लाख के सामान की चोरी की है, जबकि यहां पहले भी चोरी की घटना का अंजाम दिया गया है। इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज की गई है। इसी तरह नागपुर-चिमरु पंप हाउस से भी चोर कीमती सामान उठा कर ले गए हैं। पंप हाउस की मशीनें गायब होने से कई दिनों तक पानी की सप्लाई बाधित होती है। चोरी के कारण विभाग को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है, जबकि लोगों को पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही।
एमए शेख, एसडीओ, जल शक्ति विभाग
-डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने कहा कि पंप हाऊस में चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- संवाद