शाकड़ा बड़ोग स्कूल से लोहे की जाली चुरा कर ले जा रहे थे
पुलिस ने दो चोरों पर मामला दर्ज कर शुरू की आगामी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी(रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील में स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीणों की सजगता से स्कूल में चोरी कर रहे दो लोगों को दबोचा गया है। मामला प्राथमिक स्कूल शाकड़ा बड़ोग का है, जहां से देर रात दो चोर लोहे की जाली चुराकर भाग रहे थे। एसएमसी सदस्यों और ग्रामीणों ने चोरी को अंजाम देने वाले दोनों चोरों को दबोचकर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस ने दोनों चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना ननखड़ी से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार देर रात को शाकड़ा बड़ोग पंचायत के प्राथमिक स्कूल से दो चोर लोहे की जालियां चुरा रहे थे। रात करीब 12 बजे चोर लोहे की जाली उठा कर ले जा रहे थे तभी इसकी भनक एसएमसी सदस्यों और ग्रामीणों को लग गई। एसएमसी सदस्यों और ग्रामीणों ने स्कूल के पास ही चोरों को दबोच दिया और मामले की सूचना पुलिस थाना ननखड़ी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और चोरों को पकड़ कर पुलिस थाना पहुंचाया। एसमएसी और ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। उल्लेखनीय है कि इन दिनों प्राथमिक स्कूल शाकड़ा बड़ोग में फेंसिंग का कार्य चल रहा है। इसी को देखते हुए चोरों ने इस स्कूल में चोरी की घटना का अंजाम दिया और दोनों रंगे हाथों दबोचे गए। पुलिस ने साथ लगती पंचायत शोली के कुशवंत और भजन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है।
बीइईओ निहाल चंद ने बताया कि प्राथमिक स्कूल शाकड़ा बड़ोग में चोरी का मामला सामने आया है। एसएमसी और ग्रामीणों ने पुलिस थाना ननखड़ी में चोरी का मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और एसएमसी सदस्यों की चौकसी से सरकारी संपत्ति को बचाया जा सका।उधर, इस मामले की पुष्टि डीएसपी शिवानी महला ने की। उन्होंने कहा पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।