लोक निर्माण विभाग ने सड़क पर मिट्टी डालकर किया दुरुस्त
दोपहिया चालकों और राहगीरों को परेशानियों से मिली निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। उप तहसील नित्थर की गड़ेच पंचायत के कांदली में लंबे समय से सड़क पर जलभराव की स्थिति अब नहीं रहेगी। लोक निर्माण विभाग ने सड़क को दुरुस्त कर दिया है। दो पहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानियों से निजात मिली है।
लंबे समय से कोयल-बायल सड़क पर कांदली में नित्थर-दुराह की ओर जाने वाली सड़क पर तालाब बना था। यहां पर पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन के चालकों को सफर करना मुश्किल हो गया था। स्कूटी और बाइक वाले घुटनों तक डूब रहे थे। यहां पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण समस्या पेश आ रही थी। सड़क से दिन भर सैकड़ों वाहन नित्थर, कोयल, बायल और रामपुर की ओर आवाजाही करते हैं। मयंक गोस्वामी, मनोज कुमार और लोकेश कायथ ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ब्रो को कई बार समस्या को दूर करने बारे अवगत कराया था, लेकिन स्थिति वैसी की वैसी बनी हुई थी।
अब विभाग ने यहां पर मिट्टी डालकर इसके लेवल को उठा दिया है। ग्रामीणों का कहना है की कोयल से बायल तक सड़क की टारिंग की जाए। सड़क की हालत बेहद खराब है। लोक निर्माण विभाग ब्रो के सहायक अभियंता चंद्र कश्मीरी का कहना है कि फिलहाल लोगों को राहत देने के लिए कांदली के प्वाइंट को ठीक कर दिया है। कोयल से बायल सड़क की टारिंग को भी जल्द किया जाएगा।