ठियोग में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करते विधायक कुलदीप राठौर। संवाद
18 करोड़ रुपये की लागत से बन रही अमृत योजना भी मार्च तक होगी पूरी
.विभागीय अधिकारियों से कार्यों को लेकर समीक्षात्मक बैठक में विधायक ने दिए दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग(रामपुर बुशहर)। ठियोग में विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद विधायक ने बताया कि अप्रैल तक मिनी सचिवालय को जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। कोर्ट परिसर के साथ बन रहा ठियोग मिनी सचिवालय अप्रैल तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद सरकारी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगी। विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा भी लिया। विधायक ने बताया कि अमृत योजना का निर्माण कार्य भी मार्च तक पूरा हो जाएगा। लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से अमृत योजना को तैयार किया जा रहा है। इस योजना से शहरवासियों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा। विद्युत बोर्ड की ओर से सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, जिससे योजना के संचालन में कोई बाधा नहीं आएगी। बैठक में एसडीएम शशांक गुप्ता भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि नगर में ई-रिक्शा संचालन, नालियों के निर्माण और अन्य शहरी सुविधाओं से जुड़े कार्य शीघ्र पूरे किए जाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था और स्वच्छता में सुधार होगा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी विधायक से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीण सड़कों की हालत, विकास कार्यों की गति और अन्य जनहित मुद्दों पर चर्चा हुई। विधायक ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष चर्चा हुई। थाना प्रभारी श्याम ने बताया कि लोडिंग–अनलोडिंग प्वाइंट चिह्नित कर अतिक्रमण हटाने और यातायात को सुचारु बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। विधायक ने ठियोग सिविल अस्पताल में चिकित्सकों के खाली पदों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। इन पदों को शीघ्र भरने के लिए वे स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत करेंगे। साथ ही अस्पताल तक जाने वाली सड़क को चौड़ा करने की भी घोषणा की गई।