सेब बागवानों के साथ वाहन मालिकों को लाखों का पहुंचा नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग ( रामपुर बुशहर)। ठियोग में बुधवार रात को सेब से लदे ट्रक ने 5 गाड़ियों, 2 बाइक, मंदिर के गेट और एक शेड को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में लाखों रुपये का नुकसान और एक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल का सिविल अस्पताल ठियोग में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस की जानकारी के अनुसार, सेब से लदा ट्रक नंबर पीबी-05-एएन-5676 वाया सैंज-राजगढ़-सोलन होते हुए चंडीगढ़ जा रहा था। ठियोग के गजेड़ी नामक गांव में बुधवार रात करीब पौने 3 बजे सड़क पर पलट गया। इसकी जोरदार टक्कर से एक गाड़ी सड़क से करीब 100 फीट नीचे गिर गई, जबकि सड़क किनारे खड़ी चार अन्य गाड़ियों को भी भारी नुकसान पहुंचा। ट्रक ने जब सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारी, तो उस दौरान एक गाड़ी में एक व्यक्ति सो रहा था। उसे काफी चोटें आई हैं। उसका ठियोग अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। इस घटना में न केवल सेब बागवानों कों लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, बल्कि गाड़ी मालिकों को झटका लगा है। क्योंकि पजेरो-ब्रिजा जैसी महंगी और लग्जरी गाड़ियां इसकी चपेट में आई हैं। गजेड़ी देवता महासू के मंदिर गेट को भी नुकसान हुआ है। एक शेड को भी ट्रक की टक्कर से नुकसान पहुंचा है।
प्रशासन पर सवाल : ट्रक बाइपास से भेजा होता तो न होता हादसा
इस दुर्घटना को लेकर स्थानीय निवासी रामकृष्ण मदराड़ी ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि यह ट्रक बाइपास से गया होता, तो हादसा नहीं होता। उन्होंने गजेड़ी बाइपास में पुलिस जवान तैनात करने की मांग की, ताकि सेब से लदे ट्रक बाइपास से भेजे जा सके। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने तुगलकी फरमान सुनाया है। नारकंडा-किन्नौर से आ रहे सेब से लदे ट्रक भी वाया राजगढ़ भेजे जा रहे हैं। यह निर्णय सरासर गलत है। शिमला में ट्रैफिक जाम से बचने को इस तरह के निर्णय लेना सही नहीं है। शिमला में ट्रैफिक जाम से निजात पाने को सड़कें चौड़ी करनी चाहिए। माइपुल में सड़क पर लगा पुल पहले ही असुरक्षित है। फिर भी यहां से 10 से 12 टन या इससे भी ज्यादा माल लदे ट्रक भेजे जा रहे हैं।
ठियोग के गजेड़ी में बुधवार देर रात को सेब से लदे ट्रक के अनियंत्रित होने से 5 गाड़ियों, 2 बाइक, मंदिर के गेट और एक शेड को क्षति पहुंची है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। घायल का ठियोग अस्पताल में इलाज चल रहा है।
- सिद्धार्थ शर्मा, डीएसपी, ठियोग