कुमारसैन (रामपुर बुशहर) उपमंडल कुमारसैन के विकास खंड नारकंडा से जरोल, किरटी, जार और शलौटा पंचायतों के लोगों की लंबे समय से चल रही पंचायत पुनर्गठन की मांग को विभाग ने खारिज कर दिया है। इससे क्षेत्रवासियों को निराशा है।
जानकारी के मुताबिक विकास खंड ठियोग मे सात नई पंचायतों को स्वीकृति दी गई है, जबकि नारकंडा ब्लॅाक से एक भी पंचायत को स्वीकृति नहीं मिली है। इससे जनता में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। 2011 के आंकड़ों के मुताबिक जरोल पंचायत की 2672, जार पंचायत की 2583 और शलौटा पंचायत की जनसंख्या 2162 थी। वहीं, इन पंचायतों की भौगोलिक स्थिति भी बहुत कठिन है। क्षेत्रफल भी काफी बड़ा है। जरोल पंचायत कार्यालय से बटाड़ी गांव की दूरी लगभग 12 किलोमीटर है वहीं, शलौटा, किरटी और जार पंचायत का क्षेत्रफल भी ज्यादा है।
उधर, बीडीओ नारकंडा मृकना देवी ने बताया कि विकास खंड नारकंडा से चार पंचायतों के पुनर्गठन के प्रस्तावों को भेजा गया था, लेकिन नारकंडा ब्लॉक में नई पंचायत के गठन की कोई स्वीकृति नहीं मिली है। क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय जनता ने सरकार से मांग की है कि इस पर पुनर्विचार किया जाए।