ठियोग में प्रेसवार्ता करते विधायक कुलदीप राठौर। संवाद
विधायक बोले-ठियोग में पिछले तीन साल में हुआ अभूतपूर्व विकास
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग के विधायक कुलदीप राठौर ने दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस के टकराव के मामले में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दिल्ली पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उनके साथ ऐसा व्यवहार किया, जैसे वे कोई संगीन अपराधी हों। उन्होंने इसे लोकतंत्र में आम आदमी की आवाज दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं। शांतिपूर्ण विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है। विधायक राठौर ने ठियोग कुमारसैन विस क्षेत्र के विकास कार्यों पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले तीन साल में सीवरेज, अमृत पेयजल योजना, बाईपास और बस अड्डा बनकर तैयार हो चुके हैं। एनएच-पांच सड़क का निर्माण भी पूरा हो गया है और इसमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में जीरो करप्शन के साथ विकास कार्य किए गए हैं। ठियोग के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रशासन और होटल व्यवसायियों के साथ बैठक की गई है। पुराने बस अड्डे के पास पार्किंग निर्माण की योजना अंतिम चरण में है और जल्द ही इसका काम शुरू होगा। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए नई योजना बनाई जा रही है, जिससे जाम की समस्या कम होगी। अस्पताल जाने वाले मार्ग पर अलग प्रवेश और निकासी सड़क बनाने की योजना पर काम चल रहा है और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। बागवानों की सुविधा के लिए एचपीएमसी के उत्पाद उपलब्ध करवाने के लिए विक्रय केंद्र खोले जाएंगे। इस संबंध में बागवानी मंत्री से भी बात की गई है। नव निर्मित बस अड्डे की जमीन धंसने के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि सर्वे पूरा हो चुका है और क्षेत्र संवेदनशील है। इसके लिए ठोस कदम उठाने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे की तस्करी रोकने के लिए सरकार सख्त कदम उठा रही है और ठियोग थाना में स्टाफ की कमी भी जल्द पूरी की जाएगी। विधायक ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और अधिक विकास कार्य होंगे और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने ठियोग पुलिस थाना में अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती पर पुलिस के अधिकारियों से बातचीत करने का भी भरोसा दिलाया।