खेल मैदान की सफाई करते कुमारसैन कॉलेज के स्वयंसेवी। स्रोत : कॉलेज प्रबंधन।
सफाई अभियान चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
राजकीय महाविद्यालय कुमारसैन में वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवियों ने सफाई अभियान चलाया और खेल मैदान को संवारा। स्वयंसेवियों ने मैदान में उगी घास को काटा, छोटे-बड़े पत्थरों को हटाया और असमतल स्थानों को समतल बनाने का कार्य किया।इसके अतिरिक्त मैदान की साफ-सफाई, ट्रैक की सीमांकन रेखाओं की तैयारी और खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं। महाविद्यालय प्रशासन ने स्वयंसेवियों के इस प्रयास को सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की उत्कृष्ट मिसाल बताया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके गांधी ने कहा कि बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा ने हरियाणा स्थित महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के नेशनल इंटीग्रेशन कैंप में सहभागिता कर कॉलेज का नाम रोशन किया। इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवियों ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक सद्भाव का सशक्त संदेश दिया। कैंप के दौरान प्रतिभागियों ने समूह चर्चाओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सामाजिक विषयों पर कार्यशालाओं और सामुदायिक गतिविधियों में भाग लिया।