ठियोग ठेेकेदार संघ के पदाधिकारी। स्रोत : संघ
ठियोग ठेकेदार संघ ने दी चेतावनी, दिवाली पर भी भुगतान न होने से मायूसी
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग ठेकेदार संघ ने सरकार और विभागों को चेतावनी दी है कि एक सप्ताह में उनकी लंबित पेमेंट नहीं मिली, तो सभी तरह के विकास कार्यों पर रोक लगा दी जाएगी। संघ का कहना है कि ठेकेदार दिवाली पर राहत मिलने की आस लगाए थे, लेकिन पेमेंट नहीं होने से मायूसी है। इस बारे में विधायक कुलदीप सिंह राठौर को सूचित कर दिया गया है। संघ के अध्यक्ष दिनेश चंदेल, वीरेंद्र वर्मा, सुनील हेटा, भगवान दास और वीरेंद्र वेक्टा समेत अन्य ठेकेदारों ने आरोप लगाया है कि ट्रेजरी से बिल पास न होने के कारण विशेष वर्ग से जुड़े कई ठेकेदार आर्थिक संकट में फंसे हुए हैं। विभाग जानबूझकर उनके बिल लंबित रख रहा है और विशेष वर्ग को प्रताड़ित किया जा रहा है। ठेकेदारों का कहना है कि महीनों से किए गए कार्यों के भुगतान नहीं हुए, जिससे वे मजदूरों को मेहनताना तक देने में असमर्थ हैं। दिवाली पर जब हर कोई अपने परिवार के साथ खुशी मनाने में व्यस्त था, तब ये ठेकेदार ट्रेजरी के चक्कर काटते रहे, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग में पक्षपात की नीति अपनाई जा रही है। कुछ लोगों के बिल समय पर पास कर दिए जाते हैं, जबकि हमारे बिल महीनों से अटके पड़े हैं। अब स्थिति यह है कि मजदूरों को देने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सभी वर्गों के ठेकेदारों के साथ समान व्यवहार किया जाए और ट्रेजरी में लंबित बिलों को तुरंत पास किया जाए ताकि वे अपने कार्यों का भुगतान समय पर कर सकें और आर्थिक तंगी से राहत पा सकें।