ननखड़ी की 18 पंचायतों के ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही बेहतर सुविधाएं
विज्ञापन
सीएचसी ननखड़ी में चिकित्सकों के चार पद पड़े रिक्त, उपचार के लिए 55 किलोमीटर दूर रामपुर पहुंच रहे मरीज
. तहसील मुख्यालय ननखड़ी पहुंच रहे मरीज परेशानियां झेलने को मजबूर
. सफाई कर्मी के 4 और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 3 पद भी रिक्त
संवाद न्यूज एजेंसी ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। उपमंडल रामपुर के ननखड़ी में अस्पताल एक डॉक्टर के सहारे चल रहा है। अस्पताल में तैनात एकमात्र चिकित्सक पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से चलाए रखने का बोझ बढ़ गया है। अब एक डॉक्टर व्यवस्था देखे या मरीजों की नब्ज टटोले। वहीं, क्षेत्र की 18 पंचायतों के ग्रामीणों को उपचार के लिए भटकना पड़ रहा है। तहसील मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने के कारण उपचार के लिए करीब 55 किलोमीटर दूर रामपुर जाना पड़ रहा है। अस्पताल में चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की कमी के चलते अस्पताल पहुंच रहे मरीजों को मायूसी ही हाथ लग रही है। ग्रामीणों में सरकार और स्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष पनपा हुआ है। ननखड़ी अस्पताल में चिकित्सकों के कुल पांच पद स्वीकृत हैं, जिनमें से चार डॉक्टरों के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। ऐसे में क्षेत्र की 18 पंचायतों के ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुविधाएं केवल एकमात्र डॉक्टर के सहारे चल रही हैं। अस्पताल में रोजाना ग्रामीण इलाकों से बेहतर उपचार की आस लिए मरीज ननखड़ी अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन यहां चिकित्सकों के रिक्त पद मरीजों की परेशानियां बढ़ा रहे हैं। अस्पताल में सफाई कर्मी के चार स्वीकृत पदों में से सभी रिक्त पड़े हैं। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के चार में से तीन पद लंबे अरसे से खाली पड़े हैं।
जल्द भरे जाएं रिक्त पद
भाजपा मंडल अध्यक्ष ननखड़ी जियालाल लंबरदार ने बताया कि वर्तमान सरकार ननखड़ी में व्यवस्था पतन की ओर ले जा रही है। ननखड़ी के सीएचसी में स्टाफ की भारी कमी चल रही हैं, जिस कारण क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार के लिए भटकना पड़ रहा है। सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा रोष है। भाजपा महामंत्री राजेंद्र ठाकुर, जगदीश मेहता, दिग्विजय ठाकुर, हरदयाल, देवेंद्र मेहता, देवेंद्र ठाकुर सहित अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से सीएचसी ननखड़ी में रिक्त पड़े पदों को भरकर हजारों ग्रामीणों को राहत देने की मांग उठाई है।
सीएचसी ननखड़ी में स्टाफ की भारी कमी चल रही है, जिससे दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रिक्त पदों को लेकर समय-समय विभाग के उच्चाधिकारियों को भी सूचित किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द ही सरकार सीएचसी में डॉक्टर और अन्य स्टाफ के रिक्त पदों को भरेगी। - राजेश राणा, खंड चिकित्सा अधिकारी ननखड़ी