मुख्य अतिथि बीर चौहान ने रिबन काट कर किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
विजेता टीम को 1,11,111 की नकद राशि से सम्मानित करेगा क्लब
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सेरी-मझाली में शुक्रवार से क्रिकेट बादशाह कप का रोमांच शुरू हो गया। नवयुवक मंडल सेरी-मझाली की ओर से क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई जा रही है। शुक्रवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। शुभारंभ समारोह में सेवानिवृत्त सीएचटी बीर चौहान बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। वहीं, विशेषर कायथ, राकेश चौहान, देवीदास ठाकुर, सरजन भंडारी और संदीप कायथ विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। अतिथियों ने रिबन काटकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बीर चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए। ग्रामीण स्तर पर खेलों के आयोजन से खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का मौका मिलता है। खेलों से शरीर भी फिट रहता है। अध्यक्ष अनिल भंडारी ने कहा कि नशा छोड़ो-खेल खेलो के मकसद से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, ताकि युवाओं का खेलों की ओर रुझान बढ़े और नशामुक्त समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। बादशाह कप की विजेता टीम को 1,11,111 की नकद राशि और उपविजेता टीम को 55,555 रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी आकर्षक इनामों से पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर क्लब के सलाहकार बीएन राही, सचिव विनोद भंडारी, संयोजक अरविंद कायथ, कोषाध्यक्ष संदीप सोनी, उपाध्यक्ष राजेंद्र धीमान और संयुक्त सचिव आर्यन चौहान सहित कई अन्य युवा उपस्थित रहे।