आईटीबीपी, पुलिस, एनसीसी, एनएसएस की टुकड़ियां लेंगी हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा (लाहौल-स्पीति)। उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल काजा के मैदान में होगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त शिखा ने समारोह की तैयारियों की समीक्षा बैठक में दी। बैठक में आयोजन संबंधी गतिविधियों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।अतिरिक्त उपायुक्त शिखा ने बताया कि मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। वे परेड का निरीक्षण कर आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। समारोह में आईटीबीपी, पुलिस, एनसीसी और एनएसएस की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। स्थानीय कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा हुई। पुरस्कार वितरण और अन्य आयोजन संबंधी गतिविधियों को भी अंतिम रूप दिया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्हें सौंपे गए दायित्वों को समय पर पूरा करने को कहा गया। अतिरिक्त उपायुक्त शिखा ने समारोह की तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस महत्वपूर्ण बैठक में एसडीएम दीक्षित राणा और नायब तहसीलदार अशोक कुमार, खंड विकास अधिकारी अंशुल और अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अभिषेक, एसएचओ जगदीश चंद सहित सभी विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।