ठियोग नगर परिषद में नए मतदाताओं को जोडऩे और आपत्तियां दूर करने की आज होगी प्रक्रिया। संवाद
. 77 नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, पांच मतदाताओं की आपत्तियों पर निर्णय आज
. दो जगह की मतदाता सूची में न हों नाम, निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर होगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग नगर परिषद के सात वार्डों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर 82 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर वीरवार पूर्वाह्न 11 बजे अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इन आवेदनों में 77 लोगों ने नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन किया है, जबकि 5 मतदाताओं ने अपने नामों में त्रुटि सुधार के लिए अनुरोध किया है। नगर परिषद ठियोग के तहत आने वाले वार्डों में वर्तमान में कुल 1,806 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 934 पुरुष और 872 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाए रखने के उद्देश्य से नए मतदाताओं को जोड़ने, नाम में संशोधन और सुधार के लिए 28 मार्च तक का समय निर्धारित किया गया था। निर्धारित अवधि के भीतर प्राप्त सभी आवेदनों की जांच-पड़ताल के बाद वीरवार को तहसीलदार अंतिम निर्णय लेंगे। इस दौरान विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी मतदाता का नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज न हो और सभी पात्र आवेदकों को ही सूची में शामिल किया जाए। प्रशासन की इस प्रक्रिया को आगामी चुनावों के चलते महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सटीक और अद्यतन मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला होती है। अब लोगों की नजरें वीरवार को होने वाले फैसले पर टिकी हैं, जिससे स्पष्ट होगा कि कितने नए मतदाता सूची में शामिल होंगे और किन आवेदनों में संशोधन किया जाएगा। इस निर्णय के खिलाफ अपनी अपील या आपत्ति निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम शशांक गुप्ता के समक्ष पेश की जा सकती है। पुनरीक्षण प्राधिकारी तहसीलदार वरुण गुलाटी ने बताया कि सातों वार्डों में पूर्व मतदाता सूची के अनुसार 1806 मतदाता हैं, जबकि 28 मार्च की अंतिम तिथि तक 77 नए मतदाताओं ने सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया है, जबकि पांच मतदाताओं ने अपने नाम और पते पर आपत्ति दर्ज करवाई है। वीरवार पूर्वाह्न 11 बजे सभी लोगों को कार्यालय में बुलाया गया है और शाम तक अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा सभी मतदाताओं की निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर जांच की जाएगी ताकि एक मतदाता दो जगहों पर मतदाता सूची में शामिल न हो पाए।