. खतरे के साये में सफर करने को मजबूर विद्यार्थी और राहगीर
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
ठियोग शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और बेतरतीब पार्किंग की समस्या को देखते हुए पुलिस ने मंगलवार को कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में खड़े 28 वाहनों के चालान काटे। वहीं, ठियोग कस्बे में ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है। इस कारण रोजाना स्कूल के विद्यार्थी और राहगीर खतरे के साए में सफर करने को मजबूर हैं। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई आइडियल पार्किंग क्षेत्र में की गई, जहां कई वाहन नो पार्किंग जोन में खड़े पाए गए। पुलिस और प्रशासन कई बार शहरवासियों से अपील कर चुके थे कि सड़क को पार्किंग स्थल न बनाएं ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे। विधायक कुलदीप सिंह राठौर समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लोगों से सड़क को खाली रखने की गुहार लगाई थी, लेकिन चेतावनी के बाद भी जब स्थिति नहीं सुधरी, तो पुलिस को सख्त रुख अपनाना पड़ा। प्रेम घाट से रही घाट तक कई स्थानों पर वाहन लंबे समय से सड़क के किनारे स्थायी रूप से खड़े रहते हैं, जोकि एक बड़ी समस्या बन गई है। ठियोग में नगर परिषद के वार्ड नंबर-चार में 20 वाहनों की पार्किंग है। इसके अलावा कस्बे में कोई अन्य स्थान भी नहीं है, जहां वाहन चालक अपने वाहन खड़े कर सकें। लोग सड़क के किनारे वाहनों को पार्क करने को मजबूर हैं। ठियोग में स्थानीय पंचायतों से ग्रामीण अपने वाहनों में खरीदारी करने पहुंचते हैं और सड़क पर ही वाहनों को पार्क करते हैं। सड़कों पर वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण जाम की स्थिति बन रही है। स्कूली बच्चों और पैदल यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है। समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज किया है। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि सड़क के किनारे स्थायी रूप से खड़े सभी वाहनों को तुरंत हटाएं और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। चेताया है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नियम तोड़ने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए ठियोग पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रेम घाट से रही घाट तक गलत तरीके से खड़े 28 वाहनों के चालान किए हैं। यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भविष्य में इस तरह के कदम उठाए जाएंगे। सिद्धार्थ शर्मा, डीएसपी ठियोग