ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी, जल्द होगा कार्य शुरू
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर के चेबड़ी गांव के ग्रामीणों को लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। जल्द ही ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। पिछली बरसात में ट्रांसफार्मर गिर गया था। इस कारण देहरा पंचायत के चेबड़ी गांव के ग्रामीण कई महीने से बिजली समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई थी, जो अब सिरे चढ़ रही है। ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। वहीं, घरोली गांव के ग्रामीण जिओ स्विच लगाने की मांग कर रहे हैं ताकि पलेही पंचायत के लिए जाने वाली लाइन में यदि कोई दिक्कत आती है, तो नित्थर के आधा बाजार, घरोली, धनाह और धार गांव को बिजली के कटों से परेशान न होना पड़े। इसके अलावा उपतहसील नित्थर के कई उपभोक्ता बिजली की समस्या को लेकर कई महीने से परेशान हैं। काफी समय से बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता भूषण ठाकुर की प्रतिनियुक्ति पर नित्थर से आनी के लिए भेजा गया था। इस कारण नित्थर में बिजली की समस्या को सुनने वाला और कार्रवाई करने वाला कोई नहीं था। अब उनके भी स्थायी नियुक्ति के निर्देश नित्थर के लिए हो गए हैं।
जल्द ट्रांसफार्मर को स्थापित किया जाएगा। जिओ स्विच को भी जल्द लगाने की कोशिश की जाएगी । भूषण ठाकुर, सहायक अभियंता, विद्युत बोर्ड