एसडीएम कार्यालय में जिला स्तरीय ऐतिहासिक फाग मेले की तैयारियों को लेकर बैठक में विभिन्न विभागो
11 मार्च से शुरू होगा प्लाट आवंटन की प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक चार दिवसीय जिला स्तरीय फाग मेले को लेकर विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। मेले में 25 देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया है। इस वर्ष नजराना राशि में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। फाग मेले का आयोजन 15 से 18 मार्च को किया जाएगा। फाग मेले में देवी-देवताओं का स्वागत सुबह 11:00 बजे से आरंभ होगा और 18 मार्च को सायं 3:00 बजे देव विदाई के साथ समापन होगा। मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रामपुर में एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई। मेले के दौरान लोगों को आने-जाने के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। देवी-देवताओं के साथ आने वाले देवलुओं और सुरक्षा में तैनात जवानों को ठहरने का उचित प्रबंध किया जाएगा। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच पर खड़ी गाड़ियों को 11 मार्च से पहले हटाने के भी निर्देश दिए हैं। मेले में व्यापारियों और लोगों की सुविधा के लिए बिजली, पानी और स्वास्थ्य का उचित प्रबंध किया जाएगा। फाग मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। मेला कमेटी की ओर से राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर दुकानों के लिए स्टॉल की नीलामी पिछले वर्ष से 10 प्रतिशत अधिक कीमत पर की जाएगी। नीलामी की तिथि 11 मार्च तय की है। स्टॉल नीलामी से हुए आय को मेले में देवताओं के नजराना व अन्य गतिविधियों पर खर्च किया जाएगा।
निशांत तोमर ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जिला स्तरीय फाग मेले का आयोजन राजदरबार परिसर रामपुर में किया जा रहा है। चार दिवसीय फाग मेले में शिमला और कुल्लू जिले के 25 देवी और देवताओं को निमंत्रण भेजा है। मेले में आने वाले देवी देवताओं को मेले के समापन में नजराना राशि भेंट की जाएगी। इस दौरान उपमंडलीय पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, तहसीलदार परीक्षित, नगर परिषद अध्यक्ष मुस्कान नेगी, उपाध्यक्ष विशेषर लाल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण शक्ति नेगी, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद बाबू राम नेगी, नायब तहसीलदार सुरेश नेगी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर परिषद पार्षद, निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न व्यापार मंडलों के अध्यक्ष, टैक्सी और ऑटो यूनियन रामपुर के अध्यक्ष उपस्थित रहे ।