. 32 पंचायतों के उपमंडल मुख्यालय में जाम से लोग होते हैं परेशान .पार्किंग के अभाव में सड़क के किनारे खड़े करने पड़ते हैं वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी निरमंड (कुल्लू)। उपमंडल निरमंड में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन पार्किंग के उचित इंतजाम नहीं है। इस कारण रोजाना ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। 32 पंचायतों से ग्रामीण रोजाना मुख्यालय पहुंचते हैं और यहां आकर जाम से परेशान होना पड़ता है। लोगों ने कई बार नगर पंचायत और प्रशासन से पार्किंग की उचित व्यवस्था की मांग उठाई, लेकिन आज दिन तक कोई सुनवाई नहीं हुई। पार्किंग के अभाव में तंग सड़क के किनारे लोग वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम लग जाता है। ब्लॉक कैंची से बस अड्डे, आईटीआई मोड़ और एसबीआई बैंक के आसपास सड़क के किनारे खड़े वाहन देखे जा सकते हैं। इस कारण इन क्षेत्रों में रोजाना जाम लगता है। निरमंड व्यापारिक दृष्टि से 32 से ज्यादा पंचायतों का केंद्र बिंदु है। यहां कई सरकारी कार्यालयों, बाजार और निजी संस्थान होने के कारण ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। साथ ही दुर्घटनाओं का ग्राफ और अनहोनी का अंदेशा भी बना रहता है। उपमंडल मुख्यालय निरमंड में वक्त के साथ वाहनों की संख्या बढ़ी, लेकिन करीब पांच दशक बीतने के बाद भी न तंग सड़कें बदली और न ही पार्किंग का निर्माण सुनिश्चित हो पाया। क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा आज दिन तक नहीं मिल पाई है। छोटे वाहन हों या फिर बड़े, सभी को पार्क करना परेशानी का सबब बना हुआ है।
पार्किंग का निर्माण हो
स्थानीय निवासी धर्मपाल नेगी का कहना है कि निरमंड बस अड्डे के आसपास या गेट के पास बेतरतीब खड़े वाहन जाम और असुविधा का कारण बनते हैं। प्रशासन और नगर पंचायत से मांग है कि निरमंड में बाजार और बस अड्डा के पास पार्किंग का निर्माण किया जाए।
रोजाना परेशानी झेलने को मजबूर
योगेश भार्गव का कहना है कि पार्किंग की व्यवस्था न होने से रोजाना वाहन चालक परेशानी झेलने को मजबूर हैं। कई बार आपातकालीन वाहन भी फंस जाते हैं। प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और नगर पंचायत से क्षेत्र में पार्किंग का निर्माण कर लोगों का राहत देने की मांग है।
निरमंड में सड़कों पर खड़े वाहन, जिनसे लगता है जाम। संवाद
निरमंड में सड़कों पर खड़े वाहन, जिनसे लगता है जाम। संवाद