आम ग्राहकों के लिए 25 से 30 मिनट की अल्पकालीन पार्किंग निशुल्क होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)।
निरमंड नगर पंचायत क्षेत्र में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए बैठक हुई। एसडीएम जगदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपायुक्त कुल्लू की ओर से अधिसूचित पार्किंग नियमों के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। बैठक में पार्किंग निर्धारित करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि नेशनल बैंक के नीचे मुख्य सड़क पर तीन पिकअप वाहनों के लिए भी स्थान चिह्नित किया जाएगा। नगर पंचायत इसके लिए आवश्यक निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करेगी। बस स्टैंड के बाहर 13 वाहनों की पार्किंग नगर पंचायत की ओर नियंत्रित की जाएगी। पार्किंग करने वाले वाहनों से नगर पंचायत का ठेकेदार निर्धारित शुल्क लेगा। आम ग्राहकों के लिए 25 से 30 मिनट की अल्पकालीन पार्किंग निशुल्क होगी। कोई भी व्यक्ति निर्धारित समय से अधिक वाहन खड़ा नहीं कर सकेगा, न ही व्यापारी दिन में वहां गाड़ी रखेंगे। व्यापार मंडल ने मुख्य सड़क पर गति अवरोधक लगाने की मांग की, क्योंकि तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं। एसडीएम ने नगर पंचायत को बाजार क्षेत्र के बाहर लोडिंग-अनलोडिंग स्थलों और गति अवरोधकों के स्थान चिह्नित करने का निर्देश दिया। इसका प्रस्ताव शीघ्र एसडीएम कार्यालय को भेजा जाएगा। लोक निर्माण विभाग को भी इस संबंध में पत्र लिखा जाएगा। व्यापारियों को शाम 7 बजे के बाद और सुबह 8 बजे से पहले ही सामान उतारकर दुकानों के भीतर रखने की अनुमति होगी। दिन के समय सामान सड़क पर नहीं रखा जाएगा। अध्यक्ष ने सभी संबंधित विभागों को अधिसूचना का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत और पुलिस विभाग के कर्मचारियों को नियमों के अनुसार सख्ती से कार्रवाई करनी होगी। बैठक में नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद, व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।