नगर पंचायत ने स्वच्छता में सहयोग देने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा।
नगर पंचायत नेरवा ने नगरवासियों और दुकानदारों से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग की अपील की है। उनसे घरों और दुकानों से निकलने वाले गीले व सूखे कूड़े को अलग-अलग कर सफाई कर्मचारियों को देने का आग्रह किया गया है। नगर पंचायत ने कहा कि यह कदम कूड़ा निस्तारण प्रक्रिया को आसान बनाने और शहर को स्वच्छ रखने के लिए जरूरी है। नगर पंचायत ने बताया कि गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखने के लिए डस्टबिन की व्यवस्था की गई है। लोगों को अपने घरों और दुकानों से निकलने वाले कूड़े को संबंधित डस्टबिन में अलग-अलग डालना चाहिए। इससे सफाई कर्मचारियों को कूड़ा एकत्रित करने और उसके निस्तारण में सुविधा होगी। नगर पंचायत ने कहा कि कूड़े को एक साथ डालने से कर्मचारियों को उसे अलग करने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इससे समय और श्रम दोनों अधिक लगते हैं। साथ ही कूड़े के उचित निस्तारण की प्रक्रिया भी प्रभावित होती है। नगर पंचायत ने लोगों से खुले में कूड़ा न फेंकने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। नगर पंचायत ने कहा कि गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखने से सफाई कर्मचारियों का काम आसान होता है और कूड़े के सही निस्तारण में भी मदद मिलती है। इससे पर्यावरण को भी लाभ होता है।