हजारों ग्रामीणों को आवाजाही करने में झेलनी पड़ रही परेशानी
टैक्सियों में भारी भरकम किराया देकर सफर करने को मजबूर ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले की पानवी पंचायत के हजारों ग्रामीणों को सड़क सुविधा से तो जोड़ दिया गया, लेकिन अभी भी बस का इंतजार है। वांगतू-पानवी सड़क पर बस का सफल ट्रायल होने के बाद भी बस नहीं चलाई गई। इस कारण ग्रामीणों को निजी वाहनों में भारी भरकम किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। वांगतू-पानवी नौ किलोमीटर संपर्क सड़क पर अगस्त 2024 को प्रशासन, निगम प्रबंधन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम की अध्यक्षता में पथ परिवहन निगम की बस का ट्रायल हुआ था। यह ट्रायल सफल रहा था, लेकिन आज तक इस सड़क पर निगम की बस नहीं शुरू की गई। साल 2002 में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत वांगतू-पानवी सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली थी। साल 2005 में शिलान्यास कर सड़क का काम शुरू किया गया और साल 2017 को नौ किलोमीटर सड़क बनकर तैयार हो गई। कांग्रेस और भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान दो बार बस के ट्रायल हुए, जो सफल रहे। उसके बावजूद आज तक सड़क पर पथ परिवहन निगम की बस नहीं दौड़ी। हाल ही में साल 2024 को कमेटी का गठन कर सड़क का ट्रायल हुआ और सफल रहा, लेकिन बस सेवा शुरू न होने के कारण हजारों ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जल्द बस सेवा शुरू करने की मांग
पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष यशवंत सिंह नेगी, पानवी पंचायत उपप्रधान बुद्धा राम नेगी, महिला मंडल अध्यक्षा सीता देवी नेगी, बीडीसी निचार खंड अध्यक्ष भावना नेगी, संदीप नेगी, पालम देवी नेगी, किरण नेगी और यशी डोलमा नेगी ने कहा कि बस सेवा शुरू न होने से ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार, प्रशासन और पथ परिवहन निगम प्रबंधन से जल्द से जल्द बस सेवा शुरू कर हजारों ग्रामीणों को राहत देने की मांग की है।
वर्ष 2024 में सड़क की पासिंग हुई है। सड़क पर बस का सफल ट्रायल हुआ है।
- प्रमोद नेगी, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग भावानगर
पानवी के लिए बस सेवा चलाने का मामला निगम की उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।
- पियुष शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम रिकांगपिओ
- संवाद