ठियोग में प्रतियोगिताएं करवाईं, महिला वॉलीबाल में लव ब्रदर्स ने जीता विजेता का खिताब
विज्ञापन
अंडर-19 कबड्डी प्रतियोगिता में खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा रहा प्रथम
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
ठियोग नगर परिषद के तत्वावधान से कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सीनियर वॉलीबाल में लव ब्रदर्स और कबड्डी में सेवन ब्रदर्स की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबले देर रात तक फ्लड लाइट्स की रोशनी में जारी रहे और बड़ी संख्या में दर्शक खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए मौजूद रहे। अंडर-19 कबड्डी प्रतियोगिता में खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रुद्र अकादमी ऊना की टीम उप विजेता बनी। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए काव्यांश वर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं, सीनियर कबड्डी में सेवन ब्रदर्स ठियोग ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। नाहिल कोहिनूर अकादमी नालागढ़ की टीम रनरअप रही। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवराज को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया। महिला वॉलीबाल में लव ब्रदर्स ए टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि लव ब्रदर्स बी टीम रनर अप रही। तनिषा को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से सम्मानित किया गया। सीनियर वॉलीबाल का फाइनल मुकाबला भी दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। लव ब्रदर्स की टीम ने कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की, जबकि मनविक बेखलटी की टीम रनर अप रही। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली और मुकाबला तीन सेट तक चला। देर रात करीब एक बजे तक चले इस मुकाबले को देखने के लिए भारी संख्या में दर्शक मैदान में मौजूद रहे। इस वर्ग में प्रीत को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में राजपुरा खेलो इंडिया सेंटर के कबड्डी कोच संजीव ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि और युवा कांग्रेस नेता विनय हिटा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने विजेता और उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उत्साहवर्धन किया। स्पोर्ट्स कमेटी के प्रमुख एवं नगर परिषद पार्षद मदन शर्मा ने बताया कि खेल उत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में खेल भावना विकसित होने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं।