भालु की ओर से तोड़ी गई गोशाला की छत। संवाद
दोगरी धार गांव में मंगलवार रात को हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी खंड की कराणा-1 पंचायत के दोगरी धार गांव में भालू के हमले से ग्रामीणों में दहशत है। मंगलवार रात को भालू ने किसान भीमी राम की गोशाला की छत उखाड़कर अंदर बंधी गाय को मौत के घाट उतार दिया। साथ ही गोशाला को तहस-नहस कर दिया। सुबह जब परिवार के सदस्य गोशाला में गए, तो लहूलुहान गाय को देखकर हैरान रह गए। भीमी राम ने बताया कि यह भालू पिछले कई दिनों से उनकी गाेशाला के आसपास मंडरा रहा था। भालू की लगातार आवाजाही से परिवार और पशुधन दोनों को खतरा बना हुआ है, जिससे वे रात को भी चैन से नहीं सो पा रहे हैं। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड मौके पर पहुंचे और नुकसान का मुआयना किया। विभाग की ओर से घटनास्थल की जांच कर रिपोर्ट तैयार की गई है। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग उठाई है।