शिमला में लोक निर्माण मंत्री से मिलता 15/20 विकास सभा का प्रतिनिधिमंडल
. शिमला में लोक निर्माण मंत्री से मिला 15/20 विकास सभा का प्रतिनिधिमंडल
.शिक्षा मंत्री से ज्यूरी कॉलेज की बहाली और गानवी में विज्ञान कक्षाएं शुरू करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। आपदाग्रस्त 15/20 क्षेत्र में यातायात सुविधा सुदृढ़ करने, नई सड़कों के निर्माण और आपदा प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों को जल्द शुरू करने की सरकार से गुहार लगाई है। क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। 15/20 विकास सभा अध्यक्ष मोहन की अगुवाई में सभा का प्रतिनिधिमंडल शिमला में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मिला। पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मंत्री से 14 अगस्त 2025 को गानवी में आई बाढ़ से प्रभावित हुई यातायात व्यवस्था से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि गानवी में विद्युत बोर्ड के मोटर पुल के लिए 1.57 करोड़ रुपये की राशि विद्युत बोर्ड के पास छह माह से लंबित पड़ी है और कार्य नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रोजेक्ट मोटर सड़क इनटेक से फोरवे, मंगल बजार से स्टेज-2 शमकोर सड़क को लोक निर्माण विभाग के अधीन करने, आपदाग्रस्त गानवी में नदी के दोनों ओर सुरक्षा दीवार और क्रेटवॉल का कार्य जल्द शुरू करने की मांग उठाई। इससे पूर्व 29 दिसंबर को सभा ने उपायुक्त शिमला से गानवी गांव का छोटा पुल लगाने और पीएचसी भवन को दुरुस्त करने और एसपी शिमला से गानवी में स्थायी चौकी खोलने की मांग उठाई। सभा ने सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक से मिलकर गानवी में बैंक की शाखा खोलने का आग्रह किया। बीते बुधवार को रामपुर पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को भी सभा ने मांगपत्र सौंपकर ज्यूरी कॉलेज को बहाल करने और गानवी स्कूल में मेडिकल, नॉन मेडिकल और वाणिज्य विषय की पढ़ाई शुरू करने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नवंबर में मुख्यमंत्री से क्षेत्र के सभी मोटर सड़कों और गानवी में उपतहसील बनाने की मांग को लेकर मिले थे, जिस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया था। सभा ने सातवें वित्तायोग अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल से नई सड़क गानवी, सीर, बाई से लबाना सदाना, जघोरी से टिक्कर, कूट पंचायत के सुरू गांव से रूपी कैंची सड़क के लिए टोकन मनी जल्द जमा करवाने का आग्रह किया है। इसके अलावा सभा ने बजट के अभाव में लटकी सडक़ों के लिए जल्द बजट मुहैया करवाने की मांग उठाई। इस मौके पर सभा के सचिव गीता राम नेगी, सैंज राम, कूट पंचायत प्रधान रतन डोगरा, विजय माटेट, जगजीत, नेक राम, सुरेंद्र, फुफु राम, दुर्गा सिंह ठाकुर, जगदीश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।