चिट्टा की लोकेशन बेस्ड डिलीवरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत दो गिरफ्तार
युवकों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर चिट्टा रखवाकर होती थी खरीद-फरोख्त
स्थानीय युवक के कब्जे 9.17 ग्राम चिट्टा भी किया गया बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रोहड़ू पुलिस ने चिट्टे की लोकेशन बेस्ड डिलीवरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह स्थानीय युवकों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर कम मात्रा में चिट्टा रखवाकर रोहड़ू और चिड़गांव क्षेत्र में खरीद-फरोख्त करता था। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। मुख्य सरगना उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रहकर रोहड़ू में स्थानीय युवकों के माध्यम से चिट्टे का कारोबार चला रहा था। इस मामले में पहले पुलिस ने एक स्थानीय युवक को 9.17 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार, रोहड़ू थाना की पुलिस टीम ने 15 मार्च को गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली, तो उसके पास से 9.17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रोहड़ू के समाला गांव निवासी सार्थक के रूप में हुई। पुलिस थाना रोहड़ू में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मामले की गहन जांच की। जांच-पड़ताल के दौरान आरोपी के बैंक खातों, टेलीकॉम रिकॉर्ड और मोबाइल फोन का विश्लेषण किया गया। साथ ही समस्त डिजिटल और वित्तीय साक्ष्य एकत्रित किए गए। जांच में यह तथ्य सामने आया कि रोहड़ू और चिड़गांव क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का एक संगठित गिरोह सक्रिय है। तकनीकी और वैज्ञानिक अन्वेषण के आधार पर इस गिरोह के मुख्य संचालक के रूप में आरोपी उत्तर प्रदेश के बाराबांकी जिलाके सरायं दनोली निवासी 30 वर्षीय अमित गुप्ता का पता चला। आरोपी अमित गुप्ता लखनऊ में रहकर सार्थक और अन्य स्थानीय युवकों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर कम मात्रा में चिट्टा रखवाकर (लोकेशन बेस्ड डिलीवरी गिरोह) खरीद-फरोख्त करता था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लखनऊ रवाना किया गया, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की लगातार धरपकड़ जारी रखी। शनिवार को आरोपी अमित गुप्ता को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर मंगलवार तक का रिमांड हासिल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मामले में हर पहलू पर जांच जारी है।