20 देवी-देवता होंगे शामिल, 1500 से 1800 देवलुओं के पहुंचने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। मां भीमाकाली की नगरी सराहन में 20 से 23 अक्तूबर तक जिला स्तरीय दशहरा मेला आयोजित किया जाएगा। मेले का शुभारंभ मंगलवार को भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा के साथ होगा। मेले में शिमला, कुल्लू और किन्नौर जिले के 20 देवी-देवता शिरकत करेंगे। इनके साथ 1,500 से 1,800 देवलुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मंगलवार दोपहर तक देवी-देवता के सराहन पहुंचने की उम्मीद है। शाम के समय भगवान रघुनाथ जी की रथ यात्रा निकाली जाएगी। भगवान रघुनाथ जी को मंदिर से पालकी में बिठाकर मां भीमाकाली मंदिर के मुख्यद्वार तक लाया जाएगा। इसके बाद भगवान रथ पर सवार होकर मां भीमाकाली मंदिर से मछकंडी तक जाएंगे। वहां वह तीन दिन तक रहेंगे। यात्रा इस दौरान महिला मंडल भजन-कीर्तन करेंगे। मेले में दो सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन भी होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम नलाटी स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। देवी-देवताओं के साथ आने वाले देवलुओं के ठहरने की व्यवस्था लंगर हॉल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, प्राथमिक पाठशाला और उपतहसील भवन में की गई है। मेले में खेल मैदान में 35 और सड़क के किनारे 10 दुकानें लगेंगी। कानून व्यवस्था के लिए 25 पुलिस जवान तैनात रहेंगे।