विद्यार्थियों ने पौधरोपण करने की ली प्रतिज्ञा
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। राजकीय महाविद्यालय में एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ किया। उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पौधारोपण की प्रतिज्ञा ली। महाविद्यालय के 100 विद्यार्थियों को कई प्रकार के पौधे वितरित किए और अपने घर, गांव में रोपकर पौधों की देखभाल करने का आह्वान किया। उपायुक्त ने महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने सभी को पेड़ों और वनों की महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि आज के बदलते परिवेश में ग्लोबल वार्मिंग को कम करने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में पेड़ों की अहम भूमिका है। हम सभी का दायित्व है कि हम वनों का संरक्षण करें और अधिक से अधिक पौधरोपण करें। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उत्तम चंद चौहान ने भी पौधरोपण के महत्व की जानकारी साझा की। जिला युवा अधिकारी शुभम चंद्रन ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण अभियान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों, वन विभाग और मेरा युवा भारत किन्नौर को पौधरोपण अभियान के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शेर सिंह नेगी, मीडिया प्रभारी डॉ. शांता कुमार, वन विभाग किन्नौर, एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स एंड रेंजर्स इकाइयों, ईको क्लब और मेरा युवा भारत किन्नौर के सयुंक्त तत्वाधान में पौधरोपण अभियान चलाया गया।