. सरकार से सरपारा में स्वास्थ्य, शिक्षा और पशु पालन सेवाएं सुदृढ़ करने की लगाई गुहार
विज्ञापन
. सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संस्था ने विभागों के अधिकारियों से की भेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की दुर्गम पंचायत सरपारा के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं से कोसों दूर हैं। क्षेत्र की सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संस्था सरपारा ने प्रदेश सरकार से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और पशु पालन जैसी बुनियादी सुविधाओं का ग्रामीणों को लाभ देने की मांग उठाई है। हालांकि, इस बारे में संस्था ने मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री और पशु पालन विभाग के निदेशक को सूचित किया है। संस्था ने रामपुर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मिलकर विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने की मांग उठाई है। सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संस्था सरपारा का एक प्रतिनिधिमंडल संस्था के प्रधान जगतपाल कपाटिया की अध्यक्षता में सरपारा के ज्वलंत जनहित मुद्दों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग मंडल रामपुर के कार्यालय में जाकर गांव की खड्ड से उठाऊ पेयजल योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्य को शीघ्र पूर्ण कर जनता को सुचारु जल सुविधा उपलब्ध करवाने पर चर्चा की। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता ने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता से उनके कार्यालयों में भेंट की और समेज-सरपारा सड़क देवता साहिब कनराडू जी के साथ दोनों ओर स्थित भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का शीघ्र निरीक्षण करने का आग्रह किया।
साथ ही इन दोनों स्थानों पर आवश्यक एवं उपयुक्त ट्रीटमेंट कार्य बरसात से पहले करने पर बल दिया। साथ ही संस्था ने सरपारा से लबाना-सदाना (काओबील) करीब 5.6 किलोमीटर लंबी सड़क को लेकर सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने और वर्ष 2026-27 के लिए उपयुक्त शीर्ष के अंतर्गत पर्याप्त बजट का प्रावधान करने की मांग उठाई। इसके अतिरिक्त शिष्टमंडल ने ग्रीनको कंपनी के कार्यालय ज्यूरी में जाकर भेंट की और समेज प्रोजेक्ट के धारपा फोरवे टनल से हो रहे जल रिसाव को शीघ्र रोकने का आग्रह किया। परियोजना प्रबंधन ने इस विषय पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र कार्य आरंभ करने का आश्वासन दिया। संस्था के प्रधान जगतपाल कपाटिया ने बताया कि संस्था की ओर से सड़क से संबंधित मामलों को लोक निर्माण मंत्री, सरपारा के एकमात्र आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र को पुन: संचालित करने के बारे में मुख्यमंत्री, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्टाफ की कमी के मुद्दे को निदेशक उच्च शिक्षा और पशुपालन विभाग के निदेशक से फार्मासिस्ट के रिक्त पद शीघ्र भरने की मांग उठाई है। इस बारे में सभी को ईमेल से भी सूचित किया गया है। इस मौके पर सोहन लाल नेगी, वीर सिंह कपूर, रोशन केदारटा, रोशन कपाटिया, पितांबर नेगी, जवाहर करशेट, रामलाल ठाकुर, रामा नंद कपाटिया और सुरेश कपूर सहित अन्य मौजूद रहे।