रेलिंग टूटने से राहगीरों के गिरने का बना हुआ खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई( रोहड़ू)। नगर पंचायत कोटखाई के सभी वार्डों में रास्तों और सड़कों की हालत बेहद खराब है। बाजार की सड़क पर वाहन चालकों से लेकर फुटपाथ पर चलने वाले राहगीर परेशान हैं। खस्ताहाल रास्तों में बारिश के दौरान कीचड़ और सूखे में धूल उड़ती रहती है। गड्ढों को भरने तक के पुख्ता प्रबंध नहीं हो रहे हैं। नगर पंचायत कोटखाई की सड़क पर गड्ढे की गड्ढे हैं। वार्डों के पैदल रास्ते उखड़ चुके हैं। रास्तों के किनारे लगी रेलिंग कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे रात को लोगों को हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय नगर पंचायत के निवासी कावेंद्र कंवर का कहना है कि नालियां बंद होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर बहता है। मोहित ने बताया कि नालियां टूटी होने के कारण सुबह से शाम तक पानी रास्तों में बहता है। इसे लेकर नगर पंचायत के सदस्य गंभीर नहीं हैं। राजकुमार ने कहा कि बाजार की सड़कों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। फुटपाथ पर टूटी रेलिंग को कई वर्षों से ठीक नहीं किया जा रहा है, तो कहीं पैदल रास्तों की सीढि़यां टूट गई हैं। उन्होंने मांग की है कि खास कर सभी वार्डों में रास्तों और सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत करवाई जाए। नगर पंचायत कोटखाई की अध्यक्ष अंजली चौहान ने बताया कि खराब रास्तों को ठीक करने और पक्का करने के टेंडर लगाए जा चुके हैं। काम जल्द शुरू किया जाएगा। कई रास्तों को ठीक करने के लिए एस्टीमेट तैयार किए जा रहे हैं। क्रमवार सभी रास्तों और रेलिंग को ठीक करने की प्रकिया चल रही है।