संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से जम्मू-कश्मीर से सेब के मुद्दे पर की गई प्रेस वार्ता पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं और हिमाचल प्रदेश के बागवानों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल पहले ही साफ कर चुके हैं कि नई व्यापार व्यवस्था से हिमाचल के सेब उत्पादकों के हितों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि देश में सेब का कुल उत्पादन लगभग 21 लाख टन है, जबकि मांग करीब 26 लाख टन तक पहुंचती है। ऐसे में लगभग 5 लाख टन की कमी को आयात के माध्यम से ही पूरा किया जाता रहा है। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व में आयातित सेब का न्यूनतम मूल्य लगभग 50 रुपये प्रति किलो होता था, जिस पर शुल्क जुड़ने के बाद इसकी कीमत 70-75 रुपये प्रति किलो तक पहुंचती थी। नई व्यवस्था के तहत आयातित सेब 120 रुपये प्रति किलो से अधिक लागत पर बाजार में आएगा, जिससे हिमाचल के बागवानों को प्रतिस्पर्धा में स्पष्ट लाभ मिलेगा। राकेश डोगरा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे सेब बागवानी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय उनके हितों की रक्षा के लिए ठोस और व्यावहारिक कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के बागवानों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार के भ्रम या भ्रामक प्रचार को फैलने नहीं देगी।