नोगली स्कूल के वार्षिक समारोह में किन्नौरी नाटी लगाती छात्राएं। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
- फोटो : सांकेतिक
. योगेश हेड बॉय और श्रुति चुनीं हेड गर्ल
. वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि ने मेधावी किए सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रानी रत्ना कुमारी मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नोगली में मंगलवार को वार्षिक समारोह मनाया गया। समारोह में वर्षभर की गतिविधियों में अव्वल रहने वाले मेधावियों को सम्मानित किया गया। समारोह में जिला परिषद सदस्य त्रिलोक भलूनी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधन ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। समारोह में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से वाहवाही बटोरी। छात्राओं ने किन्नौरी, पहाड़ी और कुल्लवी नाटी प्रस्तुत कर धमाल मचाया। समारोह में प्रधानाचार्य पुष्पानंद गुप्ता ने सभी के समक्ष वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने समारोह में योगेश को हेड बॉय और श्रुति को हेड गर्ल के खिताब से सम्मानित किया। वहीं, रिशिका को स्टूडेंट ऑफ द ईयर चुना गया। इसके अलावा सुमन मेहता, गुलशन, दिव्या, राघव सहित कई अन्य मेधावियों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि बांका राम भलूनी मौजूद रहे। इस मौके पर एसएमसी अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, युवक मंडल नोगली के अध्यक्ष जगत वर्मा और संजय बदरेल सहित कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे।