ठियोग (रामपुर बुशहर)। ब्राह्मण सभा क्यारा के सदस्य नारायण दत्त शर्मा और महेंद्र शर्मा ने भाजपा नेता अजय श्याम के ऊपर लगाए गए आरोपों को सिरे से नकारा है। प्रेस को जारी बयान में सभा के सदस्यों ने कहा कि बीते दिनों निजी स्कूल के वार्षिक पारितोषिक उत्सव कार्यक्रम में अजय श्याम बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान दिए अजय श्याम के एक भाषण के विवादित अंश को लेकर सोशल मीडिया में चर्चा रही। क्योंकि भाषण का केवल विवादित अंश सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिस पर हमें भी आपत्ति थी। हमने आपत्तिजनक शब्दों पर अजय श्याम से स्पष्टीकरण मांगा। जब इस भाषण को समग्र रूप में देखा गया, तो इसमें इरादतन कहीं किसी समुदाय को ठेस पहुंचाने वाला प्रतीत न होकर अभिभावकों को अपने बच्चों में ही पुनर्जन्म देखने और बेहतरीन परवरिश करने वाला उद्बोधन पाया गया। इस भाषण में कहीं भी ब्राह्मण एवं सनातन शब्दों का प्रयोग नहीं था। उन्होंने कहा कि कुछ तत्व राजनीतिक कारणों से इस मामले को नया रूप देने का प्रयास कर रहे हैं, जो निंदनीय है। यह मुद्दा राजनीतिक नहीं है और इसका राजनीतिक कारणों के लिए उपयोग निंदनीय है।