अत्यधिक शराब के सेवन के कारण मौत होने की आशंका
संवाद न्यूज़ एजेंसी
रोहड़ू। तहसील जुब्बल के गांव दोची में मुख्य सड़क के किनारे एक व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वीरवार सुबह स्थानीय व्यक्ति कुलदीप ने थाना जुब्बल को सूचना दी कि गांव दोची में मुख्य सड़क के साथ एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई। लोगों से पूछताछ करने पर मृतक की पहचान चंद्र बहादुर पुत्र दल बहादुर निवासी गांव मिहाना, नेपाल के रूप हुई। मृतक दोची गांव में ही रहता था। बताया जा रहा है कि मृतक स्थानीय निवासी दीपेंद्र के पास मजदूरी का काम करता था। प्रारंभिक जांच में चंद्र बहादूर होली के दिन शराब का सेवन कर रहा था। रात को भी शराब की बोतल खरीदने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव का निरीक्षण करने पर शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुब्बल में चिकित्सकों ने भी शव का निरीक्षण किया गया, जहां किसी प्रकार की चोट की पुष्टि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में व्यक्ति की मौत अत्यधिक शराब के सेवन या नशे की हालत में गिरने से होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिजन वर्तमान में चंडीगढ़ में रहते हैं। उनके आने के बाद ही पोस्टमार्टम करवाने की बात कही गई है। ऐसे में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुब्बल में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।