कुमारसैन में लोगों को मोटे अनाज के गिनाए फायदे
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस और राष्ट्रीय पोषण माह का समापन हुआ। समापन समारोह में सात सर्किल के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में बाल-विकास परियोजना अधिकारी कुमारसैन डॉ. राजेश काल्टा विशेष रूप से उपस्थित रहे। डॉ. काल्टा ने मोटे, अंकुरित अनाज के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश के साथ खानपान का स्तर बिगड़ता जा रहा है। इस कारण शरीर गंभीर बीमारियों का शिकार होता जा रहा है। उन्होंने सरकार की ओर से चलाई जा रहीं योजनाओं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, एकल नारी और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर एसडीएम मुकेश शर्मा, तहसीलदार दिलीप शर्मा और जिला परिषद सदस्य उज्जवल सेन मेहता बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।