कूहल पंचायत के तलाई गांव में हुए हादसे के बाद मृतक महिला के परिजनों से मिलते वन विभाग के अधिकार
. वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने की संवेदना प्रकट
. कूहल पंचायत में वन में फैली आग को बुझाते वक्त हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की कूहल पंचायत में सोमवार को जंगल में फैली आग को बुझाते वक्त एक महिला खाई में जा गिरी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई थी। हादसे के बाद वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने मृतक महिला के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी है। वहीं, अधिकारी और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से एकत्रित की गई 11 हजार रुपये की राशि पीड़ित परिवार को सौंपी है। जंगल में फैली आग के कारण क्षेत्र में देवदार, चुली, खनोर और कैंथ प्रजातियों के हजारों पौधे झुलस गए हैं। रामपुर वन मंडल के तहत श्राईकोटी मंदिर के पास जंगल में आग बुझाते समय सोमवार को तलाई गांव की धर्म दासी खाई में गिर गई थी। आग को बुझाने के लिए स्थानीय ग्रामीण वन विभाग का सहयोग कर रहे थे। इस दौरान यह हादसा पेश आया। हादसे में महिला अनियंत्रित होकर ढलान से नीचे खाई में गिर गई, लेकिन उपचार के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचते ही महिला ने दम तोड़ दिया। वन विभाग ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और एसीएफ रामपुर ने देवठी ब्लॉक के स्टाफ के साथ शोकाकुल परिवार से भेंट की। इस वन अग्नि से करीब 5 हेक्टेयर जंगल में नुकसान पहुंचा है। करीब 5500 विभिन्न किस्मों के पौधे आग की चपेट में आकर झुलस गए हैं। विभागीय प्रयासों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया था।डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह ने बताया कि शोकाकुल परिवार से वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने मिलकर सांत्वना दी है। इस वन अग्नि में वर्ष 2024-25 में लगाए गए हजारों पौधे झुलस गए हैं।