निरमंड (कुल्लू)। निरमंड की ठारला-सगोफा सड़क रविवार रात को डालींकर-शांगटी पुल के पास भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से अवरुद्ध हो गई है। रात को डलींकर नाले के पास बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। भूस्खलन करीब 3 मिनट तक चलता रहा। इससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद से ठारला-सगोफा सड़क से यातायात ठप है। इस कारण जरोट, बडारी, बसवारी और सगोफा से दुग्ध उत्पादों को सोमवार सुबह स्पेन नामक स्थान तक पैदल लाना पड़ा। पंचायत प्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग निरमंड को सूचना दे दी है। लोक निर्माण का सहायक अभियंता राकेश नेगी ने कहा कि दिन के समय में मशीनें निरमंड डिविजन की अवरुद्ध सड़कों को खोलने में व्यस्त रहेंगी। इस मार्ग को वाहनों के लिए जल्द बहाल कर दिया जाएगा।