किन्नौर के कल्पा स्कूल में आयोजित एनसीसी के सात दिवसीय शिविर के समापन पर कैडेट्स को किया सम्मान
कल्पा में दस दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। कल्पा में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को समापन हो गया। समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। शिविर में समूहगान में 5 एचपी बटालियन धर्मशाला प्रथम, समूह नृत्य में बटालियन सोलन प्रथम, एकांकी, एकल गान और नृत्य में 8 एचपी बटालियन रामपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। साथ ही 8 एचपी बटालियन रामपुर को सर्वश्रेष्ठ बटालियन के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस दौरान कैडेट ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं। कैडेट ने देशभक्ति गीत और नाटक पेश किया। कार्यक्रम में किन्नौर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस बतौर मुख्यातिथि और राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल कल्पा की प्रधानाचार्य रमा देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मुख्यातिथि का स्वागत कैंप कमांडर कर्नल विपिन सरकैक ने किया। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के उद्देश्यों के बारे में सभी को विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर दूनी गांव के प्रधान दीवान नेगी, कल्पा की प्रधान सरिता नेगी और कोठी पंचायत के प्रधान महेश माथस सहित अन्य उपस्थित रहे।