ज्यूरी/रामपुर। मां भीमाकाली मंदिर सराहन में अष्टमी पूजा को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह परिवार सहित पहुंचे। वीरभद्र सिंह स्वास्थ्य कारणों से दो वर्ष बाद माता की पूजा के लिए सराहन पहुंचे। उन्होंने वर्ष 2018 में शरद नवरात्रों में माता की पूजा-अर्चना की थी। मां भीमाकाली वीरभद्र सिंह की कुलदेवी हैं। राज परिवार नवरात्रों में अष्टमी पूजन के लिए सराहन पहुंचता है। शुक्रवार को दो वर्ष बाद सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सराहन पहुंचे। उसके बाद अलग-अलग समय पर मुख्यमंत्री का परिवार भी सराहन पहुंचा। हर बार की तरह रात को पूरा राज परिवार माता की पूजा अर्चना करेगा। इनमें पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, पुत्र विधायक विक्रमादित्य सिंह और उनकी पत्नी भी पूजा में साथ रहेंगी। राज परिवार की पूजा एक घंटे से भी ज्यादा समय की रहेगी। इसके लिए न्यास की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
भीमाकाली मंदिर न्यास मंदिर अधिकारी बालक राम नेगी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पूजा के लिए परिवार सहित सराहन पहुंच गए हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का रामपुर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। पद्म पैलेस में मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।