लोगों ने धांशा-शकरैला-करोली सड़क की टारिंग पर उठाए सवाल
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे अधिकारी से जताई आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील के ग्राम पंचायत खमाडी के अंतर्गत धांशा से शकरैला-करोली सड़क पर टारिंग का काम चल रहा है। टारिंग की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में रोष है और कई सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मिट्टी पर ही टारिंग की जा रही है।
पूर्व उपप्रधान बृजलाल, चमाडा, धडुजा और धांशा के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर रोष जताया। टारिंग कार्य की गुणवत्ता की निगरानी की। मौके पर कई जगह मिट्टी हटाई नहीं गई है। उस पर ही तारकोल बिछा दिया गया है। थिकनेस में कमी पाई गई। इस संबंध में ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को शिकायत की और रोष जताया। उसके बाद मौके पर अधिकारी पहुंचे।
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की गड़बड़ी को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने टारिंग की गुणवत्ता की निंदा की। ग्रामीणों ने चेताया कि जनता का पैसा किसी भी हालत में बर्बाद नहीं होना देंगे। काम में पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय के बाद क्षेत्र की सड़क पर टारिंग हो रही है। इसको लेकर किसान और ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन टारिंग कार्य की गुणवत्ता सही न होने के कारण उन्हें निराशा हाथ लगी। उन्होंने कहा कि बेहतर टारिंग होने से किसान और बागवानों को सेब सहित अन्य नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। जनता को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। उन्होंने सड़क पर हो रही घटिया टारिंग की सरकार और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग उठाई है।
लोक निर्माण विभाग ननखड़ी के सहायक अभियंता राजीव चौहान ने बताया कि सड़क का कार्य गुणवत्ता के साथ किया जाएगा।